संवाद न्यूज एजेंसी म्योरपुर। किरबिल गांव में निर्माणाधीन 132 केवी सब स्टेशन को मिलने वाली बिजली आपूर्ति पर झारखंड सरकार से अनुमति न मिलने से फिलहाल ग्रहण लग गया है। बृहस्पतिवार को सब स्टेशन को पहली बार विद्युत आपूर्ति देकर ऊर्जीकृत किया जाना था, लेकिन अनुमति के अभाव में यह कार्य पूरा नहीं हो सका।
बताया जा रहा है कि पिपरी से सोननगर झारखंड जा रही हाईटेंशन लाइन में टैपिंग कर किरबिल सब स्टेशन को चालू किया जाना है। चूंकि सोननगर झारखंड राज्य में है, इसलिए लाइन टैपिंग के लिए झारखंड सरकार की अनुमति आवश्यक है। अनुमति न मिलने के चलते उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड की तैयारियों पर पानी फिर गया। एसडीओ रामअनंत दुबे ने बताया कि झारखंड सरकार से अनुमति मिलते ही लाइन टैपिंग का कार्य पूरा कर सब स्टेशन को चार्ज कर दिया जाएगा।