यूपी के भदोही में जायदाद बंटवारे को लेकर ठानी ने अपनी देवरानी की पिटाई कर दी। इससे वह घायल हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद चौरी थाने की पुलिस तमाशबीन बनी रही। बाद में पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया।
चौरी थानाक्षेत्र के जद्दूपुर गांव निवासी प्रभावती देवी पत्नी राजमणि उपाध्याय का उनके जेठ के साथ जमीन-जायदाद बंटवारे का विवाद चल रहा है। आरोप है कि विपक्षियों ने उनके घर से सामान निकालकर बाहर कर दिया और कमरे में अपना ताला लगा दिया।
मंगलवार को पैतृक जायदाद के बंटवारे की बात करने प्रभावती पुलिस के साथ जद्दूपुर गईं थीं। आरोप है कि जेठ लालमणि, उनकी पत्नी सुशीला देवी, महिमा देवी, सतीश उपाध्याय जायदाद बंटवारे की बात सुनते ही आग बबूला हो गए और प्रभावती को पीटने लगे।
इस दौरान मौके पर मौजूद चौरी थाने की पुलिस तमाशबीन बनी रही। इस पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। बुधवार को पीड़िता ने पुलिस कप्तान सचींद्र पटेल से न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया।