प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्श गांव जयापुर शनिवार को अपना जन्मदिन मनाएगा। आदर्श गांव घोषित होने के एक साल पूरे होने पर ‘ग्राम गौरव दिवस’ के रूप में यह उत्सव मनाया जाएगा।
ग्राम गौरव दिवस के तहत गांव में चल रही अलग-अलग प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शनिवार को पुरस्कृत किया जाएगा। शाम को पूरे गांव में दीप जगमगाएंगे।
जयापुर के हर घर आंगन में दीयों की सजावट की जाएगी और रंगारंग कार्यक्रम होंगे। आयोजन को लेकर गांव में खासा उत्साह का माहौल है।
ग्राम गौरव दिवस के तहत शुक्रवार निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता हुई। वंदना साहनी के नेतृत्व में 310 बच्चों ने आदर्श ग्राम निबंध लेखन और चित्र लेखन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी कल्पनाओं को चित्रों में उकेरा।
गांव में आदर्श ग्राम गृह सज्जा प्रतियोगिता भी हुई। गांव के हर घर आंगन को सलीके से सजाया गया। घर को सजाने में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी योजनाओं को बोलबाला रहा।
सुरेखा सिंह और रचना अग्रवाल के नेतृत्व में सात सदस्यीय निर्णायक मंडली ने घर-घर जाकर गृह सज्जा का अवलोकन किया।
कार्यक्रम संयोजक धैर्यवर्धन सिंह ने बताया कि शनिवार को ग्राम गौरव दिवस का शुभारंभ उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के बेटे जामिन हुसैन के शहनाई वादन से होगा।
इसके बाद सम्मान और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। शाम को गांव में दीपावली मनाई जाएगी और पूरे गांव में खीर बांटी जाएगी।