जौनपुर जिले के पंवारा थानांतर्गत एक गांव में रविवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने एक युवक और उसके साथियों पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद जहर देकर युवती को मारने आरोप लगाया है।
युवती के पिता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि पड़ोसी गांव के चार युवक उसकी बेटी को शनिवार की रात साथ ले गए और मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के एक गांव में दोस्त के यहां रखकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। रविवार को उसे विषाक्त पदार्थ खिलाकर घर के पास छोड़ गए। घर पहुंचने पर उसकी हालत खराब होने लगी। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज ले जाया गया।
चिकित्सक ने उसकी हालत नाजुक देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में रविवार की रात उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष सैय्यद मुंतजर हुसैन का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि परिजनों की डांट से नाराज होकर युवती ने जहर खा लिया था। आरोपों की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।