आजमगढ़ के दीदारगंज बाजार में गुरुवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक इलेक्ट्रीशियन की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आराम से सरायमीर की ओर भाग निकले। घटना के पीछे लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है।
सफीक अहमद (37) जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद जैगहा गांव के रहने वाले थे। इलाके में घूमकर वह लोगों के एसी, फ्रीज, कूलर, वाशिंग मशीन आदि की मरम्मत करता थ4। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार की शाम करीब सात बजे सफीक दीदारगंज बाजार के बाहर स्थित पुष्पनगर मार्ग पर दुकान के पास बीयर पी रहा था।
इसी बीच एक बाइक पर दो बदमाश पहुंचे। इन्हें देखते ही सफीक दुकान में भागा तो हमलावरों ने पीछे से ताबड़तोड़ दो गोलियां मारीं। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस पहुंची और सफीक को क्षेत्र के एक डाक्टर के यहां ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ फूलपुर रविशंकर प्रसाद, एसओ दीदारगंज संजय सिंह सहित आसपास के थानों की फोर्स पहुंच गई। प्रभारी एसपी/एसपी सिटी कमलेश बहादुर ने बताया कि बाइक सवार दो बदमाशों ने हत्या की है। हत्या के पीछे लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है।