जौनपुर: हिस्ट्रीशीटर की हत्या के बाद घटनास्थल पर छानबीन में जुटी पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र स्थित कोतवालपुर गांव में शुक्रवार को गला रेतकर युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव गांव के संपर्क मार्ग के किनारे खेत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक जलालपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ चोरी, लूट, छिनैती, गुंडा एक्ट समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। सूचना पर एएसपी सिटी और फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की।
शुक्रवार को दोपहर करीब तीन बजे कोतवालपुर गांव में संपर्क मार्ग से गुजर रहे किसी की नजर सड़क किनारे खेत में पड़े खून से लथपथ युवक के शव पर पड़ी तो शोर मचाया। शोर सुनकर गांव के लोगों की भीड़ जमा हो हो गई। शव कोतवालपुर गांव निवासी त्रिभुवन सिंह के पुत्र शुभम सिंह 26 का था। उसका गला चाकू से रेता गया था और सीने पर भी चाकू से वार करने के निशान थे। सूचना पर मृतक के परिवार के लोग भी पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी थी तभी किसी ने बताया कि यहां से करीब पांच सौ मीटर दूर गांव के प्राथमिक विद्यालय के निकट पुलिया के पास मृतक की चप्पल पड़ी है और मौके पर खून भी फैला है।