रामनगर । स्थानीय वन्य जीव विभाग पीएम के आदर्श गांव डोमरी में मिनी जंगल स्थापित करने की कवायद में जुटा हुआ है। डोमरी में आगामी कुछ दिनों में 69000 पौधे रोपे जायेंगे। ये मिनी जंगल तीन हेक्टेयर क्षेत्र में होगा। उत्तर प्रदेश के मुख्य वन संरक्षक राजीव गर्ग ने शनिवार को डोमरी का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ पांच पौधे रोप कर अभियान की शुरुआत की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि विभिन्न कारणों से उजाड़ दिये गए वनों को पुन: स्थापित करना समय की मांग है। मनुष्य की आवश्यकता पूरी करने के लिए भी ऐसे छोटे जंगल बेहद जरूरी हैं। जिला वन अधिकारी महावीर कोलाजगी ने कहा कि बढ़ती जन संख्या एवं विभिन्न आर्थिक गतिविधियों तथा प्रदूषण के चलते नैसर्गिक वनस्पतियां शहरों और कस्बों की बड़ी जरूरत है। ऐसे में डोमरी में छोटा जंगल स्थापित किया जा रहा है। गंगा प्रहरी प्रदेश संयोजक दर्शन निषाद ने कहा कि इस छोटे जंगल का निर्माण और देखरेख हम सभी का कर्तव्य है। यह एक तरह का ऑक्सीजन बैंक है जो ग्लोबल वार्मिंग से लड़ने में सहायक साबित होगा। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक दक्षिणी क्षेत्र प्रयाग राज कमलेश कुमार, वन सरंक्षक राजीव मिश्रा, एसडीओ प्रदीप यादव, नीरज श्रीवास्तव, देवेश, बलवंत विकास अग्रहरि, विशाल साहनी, संतोष सोनकर आदि उपस्थित थे।