वाराणसी। कोरोना वायरस के कहर से देश और दुनिया के लोग परेशान हैं, लेकिन साइबर क्रिमिनल ऐसे मुश्किल समय में भी अपनी करतूतों से बाज नहीं आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को जालसाजों ने खुद को एसडीएम बताकर नगर निगम के पार्षदों को फोन किया और गरीबों में पैसा वितरित करने के लिए एटीएम कार्ड से संबंधित विवरण मांगने लगे।
हुकुलगंज के पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव को शक हुआ तो उन्होंने डीएम से बात कराने को कहा तो फोन कट गया। पार्षद ने सीओ कैंट को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव के अनुसार उनके मोबाइल पर सुबह फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह डीएम कार्यालय से एसडीएम बोल रहा है। लॉक डाउन में गरीबों के बीच पैसा बांटना है। इसके लिए आप अपने एटीएम कार्ड का विवरण बताइए ताकि पैसा भेजा जा सके। बृजेश चंद्र ने बताया कि एटीएम कार्ड का विवरण पूछने पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने डीएम से बात कराने को कहा। इतने में ही फोन कट गया। बृजेश चंद्र ने इसके बाद डीएम को सूचना दी तो उन्होंने सीओ कैंट को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने के लिए कहा। बृजेश चंद्र ने बताया कि उसी नंबर से पार्षद दिनेश यादव, दूधनाथ राजभर और अनीता ठाकुर आदि के भी मोबाइल पर फोन आया था।