रथयात्रा मेले को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने रथयात्रा चौराहा को शुक्रवार से दोपहर 12 बजे के बाद नो व्हीकल जोन घोषित किया है। दोपहर 12 बजे से भोर में चार बजे के बीच वाहन लेकर रथयात्रा चौराहा की ओर न जाए, यह डायवर्जन चार जुलाई तक लागू है। हालांकि, एंबुलेंस, शव और दिव्यांग वाहन सभी तरह के प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।
एडीसीपी ट्रैफिक डीके पुरी के अनुसार, बीएचयू भेलूपुर से रथयात्रा जाने वाले वाहनों को कमच्छा से बैजनत्था की तरफ मोड़ते हुए आशीर्वाद क्लीनिक आकाशवाणी की तरफ से निकाला जाएगा। लक्सा से रथयात्रा की तरफ जाने वाले समस्त वाहनों को गुरुबाग तिराहे से नीमामाई तिराहे की तरफ मोड़ा जाएगा। सिगरा से रथयात्रा जाने वाले समस्त वाहनों को सिगरा चौराहे से महमूरगंज की तरफ निकाला जाएगा। महमूरगंज चौराहे से रथयात्रा जाने वाले सभी वाहन आकाशवाणी तिराहा से सिगरा की तरफ जाएंगे।
एडीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि नो इंट्री समाप्त होने पर जिन भारी वाहनों (ट्रक आदि) को मंडुवाडीह तक आना है, वह मोहनसराय, रोहनिया, चांदपुर, मुढ़ैला होते हुए मंडुवाडीह तक आ सकते हैं। नो-इंट्री समाप्त होने पर जिन भारी वाहनों (ट्रक आदि) को सिगरा तक आना है, वह मोहनसराय, रोहनिया, चांदपुर, लहरतारा, धर्मशाला, इंग्लिशिया लाइन, मलदहिया होते हुए सिगरा तक आ सकते हैं। नो-इंट्री समाप्त होने पर जिन भारी वाहनों (ट्रक आदि) को सिगरा से हरहुआ होकर या बाबतपुर जाना होगा, वह वाहन सिगरा, मलदहिया, चौकाघाट, ताड़ीखाना पुलिस लाइन चौराहा, भोजूबीर, गिलट बाजार, तरना, हरहुआ होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे।