आईयूसीटीई और यूनेस्को के बीच हुआ समझौता
- फोटो : अमर उजाला
डिजिटल साक्षरता के लिए अब अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केन्द्र (आईयूसीटीई) और यूनेस्को एमजीआईईपी मिलकर काम करेंगे। इसके लिए दोनों संस्थानों के बीच समझौता पत्र पर शुक्रवार को आईयूसीटीई निदेशक प्रो. प्रेमनारायण सिंह और एमजीआईईपी निदेशक ओबीजोफर एगीनाम, राष्ट्रीय समन्वयक अर्चना चौधरी ने हस्ताक्षर किया। इस पहल के बाद अब अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षक प्रशिक्षण के क्षेत्र में कार्य करेगा।
आईयूसीटीई के निदेशक प्रो. प्रेमनारायण सिंह ने बताया कि दोनों संस्थानों की पहल से जल्द ही विभिन्न देशों के अध्यापकों को डिजिटल लिटरेसी एवं अर्ली चाइल्डहुड एजुकेशन के ऊपर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें केवल भारत ही नहीं अपितु विभिन्न देशों के चुने हुए अध्यापक प्रशिक्षित किए जाएंगे।
उच्च शिक्षा में अध्यापकों को आने वाले समय के लिए तैयार करने के उद्देश्य से नए कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी। कहा कि यह केंद्र केवल अध्यापक शिक्षा का ही केंद्र नहीं है, अपितु यह एक सांस्कृतिक आदान-प्रदान का केंद्र भी साबित होगा।
कार्यक्रम का समन्वयन प्रो. आशीष श्रीवास्तव, सह समन्वयन डॉ. राजा पाठक ने किया। कार्यक्रम में डॉ. कुशाग्री सिंह, डॉ. राज सिंह, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह, डॉ. सुनील त्रिपाठी, डॉ. अनिल कुमार आदि लोग मौजूद रहे।