हरहुआ। वाराणसी में पिछले पांच दिनों से इटली का एक विदेशी पर्यटक शहर के अलग-अलग इलाकों में भटक रहा है। मंगलवार को वह बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ में पहुंचा, जहां स्थानीय लोगों ने उसे बच्चा चोर समझकर घेर लिया। मौके पर पहुंची पुलिस उसे हरहुआ चौकी ले गई, लेकिन बाद उसे फिर ऑटो से दूसरी जगह भेज दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विदेशी करीब तीन घंटे तक चौकी में रहा। आरोप है कि पुलिस ने न तो उसके दूतावास से संपर्क किया और न ही किसी वरिष्ठ अधिकारी को सूचना दी। बाद में उसे ऑटो से भेज दिया गया।
सोमवार को भी उसने वाराणसी एयरपोर्ट पर हंगामा किया था। वहां से भी उसे बाबतपुर पुलिस चौकी ले जाया गया और बाद में ऑटो से शहर की ओर भेज दिया गया। इससे पहले 17 जुलाई को मैदागिन स्थित सप्तसागर दवा मंडी में भी उसने हंगामा किया था। पुलिस ने उसे इटली का नागरिक बताया था। लगातार भटकने के बावजूद उसकी मदद के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि विदेशी हरहुआ में मिला था और जगह-जगह हंगामा कर रहा है।