नहर पर अतिक्रमण की शिकायत के बाद भी सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता मोहम्मद असलम मौके पर नहीं गए। नहर से अतिक्रमण हटाने के लिए कोई पहल भी नहीं की। बुधवार को सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर जब इसकी शिकायत प्रमुख सचिव (राजस्व) एवं वाराणसी जिले के नोडल अधिकारी रजनीश दूबे के समक्ष हुई तो उन्होंने नाराजगी जताई।
उन्होंने डीएम योगेश्वर राम मिश्र को सहायक अभियंता मोहम्मद असलम को तत्काल कार्यमुक्त करने का निर्देश दिया। सुबह करीब दस बजे सदर तहसील पहुंचे प्रमुख सचिव राजस्व ने जनता की शिकायतें सुनीं। वीडीए से जुड़े एक मामले में पता चला कि विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और सचिव समाधान दिवस पर आए ही नहीं है। इस पर उन्होंने दोनों अधिकारियों को तत्काल तलब किया। कुछ ही देर में दोनों अधिकारी पहुंच गए।
डीएम को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में कम से कम पांच निस्तारित शिकायती प्रार्थना पत्रों की वह खुद रेंडमली जांच करें और जहां कहीं भी कमियां मिलें तत्काल संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करें। 15 दिन में हर शिकायत का निबटारा सुनिश्चित कराएं। तहसील सदर पर 121, पिंडरा पर 81 एवं राजातालाब पर 119 सहित कुल 321 प्राप्त शिकायती पत्र आए। इसमें से तहसील सदर पर 13, पिंडरा पर 8 एवं राजातालाब पर 14 सहित कुल 35 शिकायतें मौके पर निस्तारित की गईं।
हर पांच फरियादी के साथ एक पुलिसकर्मी
संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन वास्तव में कैसा होना चाहिए इसकी बानगी बुधवार को देखने को मिली। हाल के चारों तरफ अधिकारी कुर्सी लगाकर बैठे थे। फरियादियों को एक दरवाजेे से प्रवेश दिया जा रहा था और दूसरे से निकासी हो रही थी। फरियादियों की दो लाइन लगवाई गई थी।
हर पांच फरियादी के पीछे एक पुलिसकर्मी मौजूद था। पुलिसकर्मी और अधिकारी फरियादी के प्रमुख सचिव के पास पहुंचने से पूर्व उसकी समस्या का फीडबैक ले रहे थे। सब कुछ बड़े ही सलीके से हो रहा था। इसी दौरान अधिवक्ता बीके पाल किसी बात पर सीडीओ सुनील कुमार वर्मा से उलझ गए। डीएम ने स्थिति संभाली।
भू-माफिया पर कार्रवाई नहीं बता पाए अधिकारी
प्रमुख सचिव राजस्व रजनीश दूबे ने डीएम योगेश्वर राम मिश्रा और एसएसपी आरके भारद्वाज से भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई के बारे में पूछा। टॉप थ्री से लेकर टॉप टेन के नाम और उनकी संपत्ति के बारे में जानकारी ली। एसडीएम सदर से पूछा गया तो वह कार्रवाई के बारे में नहीं बता पाए।
प्रमुख सचिव ने डीएम और और एसएसपी से भू-माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। कहा, कार्रवाई के दौरान मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जरूरत पड़े तो तत्काल वैसा किया जाए।