कैंपस के एंफीथिएटर खेल मैदान पर नवनिर्मित एस्ट्रोटर्फ हाकी ग्राउंड का कुलपति ने किया उद्घाटन
- फोटो : अमर उजाला
हॉकी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब काशी हिंदू विश्वविद्यालय(बीएचयू) में भी अंतरराष्ट्रीय हाकी मुकाबले हो सकेंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय के एंफीथिएटर मैदान पर एस्ट्रोटर्फ हाकी ग्राउंड तैयार हो गया है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाए गए इस एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड का गुरुवार को कुलपति ने प्रो. राकेश भटनागर ने उद्घाटन किया। उसके बाद मालवीय एकेडमी और साई के बीच मैत्री मुकाबला हुआ।
एंफीथिएटर खेल मैदान पर विश्वविद्यालय की ओर से यह एस्ट्रोटर्फ 6.33 करोड़ की लागत से बिछाई गई है। कुलपति प्रो. राकेश भटनागर ने इसके उद्घाटन के मौके पर कहा कि यह हाकी खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात है।
नेशनल-इंटरनेशनल हाकी मुकाबले एस्ट्रोटर्फ पर ही होते हैं। यहां एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड पर नवोदित हाकी प्रतिभाएं खुद को नेशनल, इंटरनेशनल मुकाबलों के लिए तैयार कर सकेंगी।
बीएचयू क्रीड़ा परिषद के सचिव बीसी कापड़ी ने बताया कि विश्वविद्यालय के नवनिर्मित एस्ट्रोटर्फ हाकी ग्राउंड पर अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए इंटरनेशनल हॉकी के अधिकारियों ने भी हरी झंडी दे दी है। बीएचयू उत्तर प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय बन गया है, जिसका खुद का एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड है।