वाराणसी स्टेडियम का डिजाइन
- फोटो : अमर उजाला
पीएम मोदी ने कहा कि आज मैं एक ऐसे दिन काशी आया हूं, जब चंद्रमा के शिवशक्ति पॉइंट पर भारत के पहुंचने का एक महीना पूरा हो रहा है। एक शिवशक्ति का स्थान चंद्रमा पर है और दूसरा शिवशक्ति का स्थान यहां काशी में है। जबसे इस स्टेडियम की तस्वीरें बाहर आई है, उन्हें देखकर हर काशीवासी गदगद हो गया है। इस स्टेडियम के पूरा होने पर 30,000 से ज्यादा लोग यहां बैठकर मैच देख पाएंगे।
शिलान्यास करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि यह यूपी का पहला स्टेडियम होगा जिसका निर्माण बीसीसीआई कराएगी। इसके साथ ही उन्होंने खेलो इंडिया अभियान और वाराणसी में मौजूद अन्य खेल सुविधाओं का जिक्र किया। गंजारी में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 30 हज़ार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी।
पीएम मोदी ने कहा कि इसके निर्माण से पूर्वांचल के साथ ही बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के क्रिकेट खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा। इसमें सात पिच (प्रैक्टिस व मेन विकेट), लाउंज, कमेंट्री बॉक्स, प्रेस गैलरी सहित अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं होगी।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भगवान शिव और काशी की झलक दिखेगी। इस स्टेडियम का आकार अर्ध चंद्राकार होगा, जिसमे लगी फ्लड लाइट्स त्रिशूल के आकार की होंगी। बिल्डिंग में बेलपत्र की डिजाइन होगी और डिजाइन में डमरू का आकर भी दिखाई देगा। गंगा घाट की सीढ़ियों जैसी दर्शक दीर्घा होगी। इसमें सात पिच (प्रैक्टिस व मेन विकेट), लाउंज, कमेंट्री बॉक्स, प्रेस गैलरी सहित अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं होगी।
टीम इंडिया की जर्सी के साथ सचिन तेंदुलकर और पीएम मोदी
- फोटो : अमर उजाला
गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास के मौके पर बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी, सचिव जय शाह व उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के अलावा हेमंग अमीन व प्रियंक शाह के अलावा पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर और रवि शास्त्री, दिलीप वेंगसरकर, कपिल देव, गुंडप्पा विश्वनाथ, मदन लाल, करसन घावरी और गिरीश डोंगरे के साथ ही क्रिकेट की अन्य हस्तियां मौजूद रहीं।