फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस: कथक की थाप से दुनिया में काशी का नाम रोशन कर रही नई पीढ़ी, गुरुओं ने की अपील

Sun, 25 Oct 2026 03:05 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिवस पर वाराणसी की कथक नृत्यांगनाओं ने युवाओं से शास्त्रीय नृत्य की परंपरा को आगे बढ़ाने की अपील की। संगीता सिन्हा, सरला नारायण सिंह, आशीष सिंह ‘नृत्य मंजरी दास’, नम्रता श्रीमाली, वसुंधरा शर्मा और उर्वशी श्रीवास्तव ने साधना, अनुशासन, गुरु के मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास को सफलता का आधार बताया। कथक के जरिए काशी की सांस्कृतिक पहचान देश-दुनिया तक पहुंच रही है।
विज्ञापन
कथक कलाकार आशीष सिंह उर्फ नृत्य मंजरी दास और कथक नृत्यांगना नम्रता श्रीमाली। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

काशी की सांस्कृतिक पहचान यहां की संगीत और नृत्य परंपराओं से जुड़ी है। कथक के गुरुओं के साथ उनके शिष्य भी अपनी प्रस्तुतियों से इस कला का लोहा मनवा रहे हैं। देश-विदेश के मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाकर ये कलाकार काशी का नाम दूर-दूर तक पहुंचा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिवस के अवसर पर कथक नृत्यांगनाओं ने नई पीढ़ी से भारतीय शास्त्रीय नृत्य को सीखने, उसकी परंपराओं को समझने और नियमित अभ्यास के माध्यम से आगे बढ़ाने की अपील की। कलाकारों का संदेश है कि कथक केवल मंच पर प्रस्तुति देने की विधा नहीं, बल्कि अनुशासन, साधना, भाव और गुरु के प्रति समर्पण की यात्रा है।

विज्ञापन


कथक को आगे बढ़ाने के लिए साधना और समर्पण जरूरी
कथक नृत्यांगना सरला नारायण सिंह ने कहा कथक हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है, जिसमें भाव, लय, ताल और अभिनय का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। युवाओं को इस कला से जुड़ने के लिए धैर्य और निरंतर अभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। शास्त्रीय नृत्य में पहचान बनाने के लिए केवल प्रतिभा ही नहीं, बल्कि अनुशासन, गुरु का मार्गदर्शन और वर्षों की साधना भी जरूरी है। आज के दौर में युवा अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कथक को देश-दुनिया तक पहुंचा सकते हैं। हमें आधुनिक मंचों का उपयोग करते हुए कथक की मूल परंपरा और उसकी शुद्धता को भी बनाए रखना चाहिए।

Trending Videos

परंपरा से जुड़कर ही आगे बढ़ेगी कथक की नई पीढ़ी
मिर्जापुर से जुड़ी कथक नृत्यांगना नम्रता श्रीमाली का संदेश है कि शास्त्रीय नृत्य को सीखने के लिए धैर्य और निरंतर अभ्यास जरूरी है। नई पीढ़ी में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन उसे सही दिशा, प्रशिक्षण और मंच मिलने की आवश्यकता है। कथक की प्रस्तुतियों में लय, ताल, भाव और अभिनय का संतुलन ही कलाकार को विशिष्ट बनाता है।

कहा कि युवाओं को कथक से जुड़ने के लिए सबसे पहले इसे सीखने की इच्छा और धैर्य विकसित करना चाहिए। यह कला एक दिन में नहीं सीखी जा सकती। इसके लिए नियमित अभ्यास, गुरु का मार्गदर्शन और अपनी गलतियों को सुधारने की जरूरत होती है। आज युवाओं के पास अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए कई मंच हैं। उन्हें इन अवसरों का उपयोग भारतीय शास्त्रीय नृत्य को लोकप्रिय बनाने में करना चाहिए। कथक की परंपरा को समझकर जब युवा इसे अपनी अभिव्यक्ति का माध्यम बनाएंगे, तभी यह कला आने वाली पीढ़ियों तक मजबूती से पहुंच सकेगी।

कथक साधना से युवा पीढ़ी को जोड़ना जरूरी
कथक कलाकार आशीष सिंह ‘नृत्य मंजरी दास’ ने बताया कि कथक केवल नृत्य की एक विधा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, भक्ति और परंपरा को अभिव्यक्त करने का माध्यम है। आज की युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और उससे जुड़ने की जरूरत है। इसके लिए बच्चों को बचपन से ही संगीत और नृत्य की शिक्षा देने के साथ उचित प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराना चाहिए। नियमित रियाज, गुरु के प्रति समर्पण और कला के प्रति ईमानदारी ही एक कलाकार को विशिष्ट बनाती है। युवाओं को कथक की पारंपरिक शैली सीखते हुए इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।

सरला नारायण सिंह और वसुंधरा शर्मा। - फोटो : अमर उजाला
35 वर्षों से कथक साधना में जुटी हैं संगीता सिन्हा
कथक नृत्यांगना संगीता सिन्हा पिछले 35 वर्षों से वाराणसी में इस कला की सेवा कर रही हैं। पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज की शिष्या के रूप में उन्होंने काशी की युवा पीढ़ी को उनकी कथक शैली और नृत्य की बारीकियों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से यहां कई बार पंडित बिरजू महाराज की कथक कार्यशालाओं का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को सीधे उनसे सीखने का अवसर मिला।

संगीता सिन्हा ने बताया कि कथक सीखने वाले युवाओं को सबसे पहले इसकी परंपरा, व्याकरण और भाव पक्ष को समझना चाहिए। केवल मंच पर अच्छा दिखना ही कला की संपूर्णता नहीं है, बल्कि उसके पीछे वर्षों की साधना और अनुशासन होता है। पंडित बिरजू महाराज जी से मिली सीख ने मुझे हमेशा इस कला को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की प्रेरणा दी। युवाओं को नियमित रियाज करना चाहिए, गुरुजनों का सम्मान करना चाहिए और अपनी प्रस्तुतियों में कथक की मौलिकता बनाए रखनी चाहिए। सोशल मीडिया और आधुनिक मंचों का उपयोग कला के प्रचार के लिए करें, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहना न भूलें।

भाव और अभिव्यक्ति से जीवंत होता है कथक
कथक नृत्यांगना वसुंधरा शर्मा का संदेश है कि इस विधा की खूबसूरती केवल पैरों की गति और चक्करों में नहीं, बल्कि भावों की अभिव्यक्ति में भी है। कलाकार को संगीत, साहित्य और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं की समझ विकसित करनी चाहिए, ताकि उसकी प्रस्तुति दर्शकों से सीधे संवाद कर सके।

कहा कि कथक में लय और ताल जितने महत्वपूर्ण हैं, उतने ही महत्वपूर्ण भाव और अभिनय भी हैं। जब कलाकार किसी रचना के भाव को समझकर प्रस्तुत करता है, तभी दर्शक उससे जुड़ पाते हैं। युवाओं को चाहिए कि वे तकनीकी अभ्यास के साथ संगीत, साहित्य और हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी जानें। किसी दूसरे कलाकार की नकल करने के बजाय अपनी सीख और संवेदना के आधार पर अपनी पहचान बनाएं। अच्छे गुरु का मार्गदर्शन और मंच पर प्रस्तुति का अनुभव कलाकार को परिपक्व बनाता है। कथक के प्रति ईमानदारी और निरंतर सीखने की ललक ही सफलता का रास्ता है।
विज्ञापन

वरिष्ठ कथक कलाकार संगीता सिन्हा और उर्वशी श्रीवास्तव। - फोटो : संवाद
अनुशासन और निरंतर अभ्यास से मिलेगी पहचान
कथक नृत्यांगना उर्वशी श्रीवास्तव का संदेश है कि कला के क्षेत्र में पहचान बनाने के लिए धैर्य, मेहनत और निरंतरता जरूरी है। शुरुआती दौर में अवसर कम मिलें, तब भी युवाओं को अभ्यास जारी रखना चाहिए। मंच पर मिलने वाली सफलता के पीछे लंबे समय की तैयारी और समर्पण होता है।

उर्वशी ने बताया कि युवा कलाकारों को अपनी कला पर भरोसा रखना चाहिए और शुरुआती कठिनाइयों से घबराना नहीं चाहिए। हर प्रस्तुति कुछ नया सिखाती है। नियमित रियाज, समय का अनुशासन और गुरु के निर्देशों का पालन कलाकार को आगे बढ़ने में मदद करता है। साथ ही, कलाकारों को एक-दूसरे की प्रस्तुतियां देखनी चाहिए और उनसे सीखने की कोशिश करनी चाहिए। कथक हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, इसलिए इसे सीखना और आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। नई पीढ़ी यदि समर्पण और मेहनत के साथ इस परंपरा को अपनाए, तो काशी की कथक शैली देश-दुनिया में और अधिक पहचान हासिल कर सकती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें