वाराणसी। जुलाई का पहला सप्ताह चल रहा है, लेकिन गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। तीखी धूप और उमस ने दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। शनिवार को भी ऐसा ही मौसम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की सक्रियता कमजोर होने के कारण अगले दो दिन तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
आमतौर पर जून के अंतिम सप्ताह तक मानसून सक्रिय हो जाता है, लेकिन इस बार इसकी सुस्ती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह से ही तेज धूप और उमस के कारण लोग बेहाल रहे। शनिवार को अन्य दिनों की तुलना में धूप और अधिक तीखी रही। इसी वजह से रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। शनिवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राज्य मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि उत्तरी ओडिशा तट के पास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से मानसून की द्रोणिका अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसक गई है। प्रदेश में फिलहाल कोई अन्य सक्रिय मौसम तंत्र भी मौजूद नहीं है। इसी कारण अगले दो दिनों तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि वाराणसी समेत प्रदेश के पूर्वी और मध्यवर्ती जिलों में सामान्य से अधिक आर्द्रता और तापमान दर्ज किया जा सकता है। इसके बाद मानसूनी सक्रियता बढ़ने के साथ बारिश होने की संभावना है।