प्रधानमंत्री पर लगाया वादा पूरा न करने का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
इंकलाबी नौजवान सभा (इनौस) ने कैंट से लेकर शास्त्री पुल तक शनिवार को रैली निकाली। इस दौरान युवाओं ने भरी हुंकार और नहीं मोदी सरकार जैसे नारे लग रहे थे। इसके चलते कैंट, इंग्लिशिया लाइन चौराहा, मलदहिया, अंधरापुल, मिंट हाउस और शास्त्री पुल के दोनों तरफ जाम लगा रहा। प्रदर्शनकारियों ने इसके बाद शास्त्री घाट, कचहरी पर युवा हुंकार सम्मेलन किया। इसमें 15 राज्यों से प्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।
जेएनयूएसवी के अध्यक्ष एन साईं बालाजी ने कहा कि मोदी सरकार युवाओं के बारे में नहीं सोच रही है। राम मंदिर के नाम पर युवा ध्रुवीकरण की कोशिश की जा रही है। एआईएसए के अध्यक्ष सुचेता डे ने कहा कि देश में 24 लाख से अधिक पद रिक्त हैं, जबकि बेरोजगार भटकने को मजबूर हैं। इस बार युवा अपनी शक्ति का एहसास करा देंगे।
दीपांकर, बिहार के आरवाईए अध्यक्ष मनोज मंजिल, एआईकेएम के राष्ट्रीय सचिव ईश्वरी कुशवाहा, कुसुम वर्मा, रोहिला गुप्ता, नारायण, श्रीराम चौधरी, सुनील यादव आदि ने कहा कि स्किल इंडिया के तहत भी रोजगार के आंकड़े सरकार की विफलता की कहानी बता रही है। मोदी सरकार का दो करोड़ रोजगार का वादा जुमला बन चुका है। इस दौरान वक्ताओं ने संघ पर गुंडागर्दी और समाज में धार्मिक स्तर पर बंटवारे की साजिश का भी आरोप लगाया।