काशी विश्वधाम मंदिर में नीता अंबानी
- फोटो : अमर उजाला
दोपहर बाद से ही श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में नीता अंबानी के आने की तैयारियां शुरू हो गई थीं। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा समेत कई अधिकारियों ने नीता अंबानी का स्वागत किया। बता दें कि इसके पूर्व मुकेश अंबानी के बेटे अनंत ने भी बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया था। वहीं, अनिल अंबानी भी अपनी मां कोकिला बेन के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आए थे।
गंगा आरती देख भाव-विभोर नजर आईं नीता अंबानी
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद नीता अंबानी दशाश्वमेध घाट की अंगा आरती में शामिल हुईं। गंगा आरती देख वह भावविभोर नजर आईं। 20 मिनट तक गंगा आरती देखने के दौरान नीता अंबानी दोनों हाथ जोड़े, आंखें बंद कर आरती के मंत्रों को सुन रही थीं। यह दूसरा मौका था जब वह दशाश्वमेध घाट पर होने वाली मां गंगा की आरती में शामिल हुईं। गंगा सेवा निधि कार्यालय में ट्रस्टी एवं कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव सुरजीत सिंह, सचिव हनुमान यादव ने अंगवस्त्रम, मोमेंटो असैा स्फटिक की माला व प्रसाद देकर स्वागत किया। संस्था के पदाधिकारियों ने नीता अंबानी को आगामी देव दीपावली महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। नीता अंबानी ने आमंत्रण पर अपनी सहमति भी जताई। इस दौरान डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी मौजूद थे।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर नीता अंबानी।
- फोटो : अमर उजाला
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर को दिया 1.51 करोड़ का दान
बाबा विश्वनाथ, मां अन्नपूर्णा और मां विशालाक्षी को बेटे अनंत की शादी का कार्ड देने पहुंचीं नीता अंबानी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए 1.51 करोड़ रुपये का दान दिया। उन्होंने मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा को चेक सौंपा। इसके साथ ही नीता अंबानी ने अन्नपूर्णा मंदिर के लिए भी एक करोड़ रुपये का चेक दिया। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में स्वयं शादी का कार्ड चढ़ाया। मां अन्नपूर्णा जी और विशालाक्षी जी के लिए मंडलायुक्त के माध्यम से कार्ड भिजवाया।
दस साल में हुआ है काशी का विकास : नीता
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से निकलने के बाद नीता अंबानी ने मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर अभिवादन किया। सबसे पहले गेट नंबर चार पर सबको हाथ जोड़ा और कहा कि काफी अच्छा लगा। कई साल बाद बनारस आना हुआ। कहा कि दस साल में काशी का काफी विकास नजर आ रहा है। कॉरिडोर हो या नमो घाट हर जगह बदलाव दिख रहा है। स्वच्छता में भी काफी बदलाव आया है।
नीता अंबानी ने चखा बनारसी चाट का स्वाद
मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी ने बनारसी चाट का स्वाद भी चखा। गोदौलिया स्थित दुकान में बैठकर उन्होंने चाट का स्वाद लिया।
नीता अंबानी का चाट की दुकान पर जाना और सामान्य तरीके से चाट का आनंद लेना लोगों के लिए एक आकर्षण का केंद्र बन गया। उनके इस सामान्य व्यवहार से दुकान के मालिक और वहां मौजूद अन्य लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
विवाह के लिए बनारस से करेंगी खरीदारी
नीता अंबानी के साथ बॉलीवुड के फेमस फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी मंदिर पहुंचे। संभावना है कि नीता अंबानी बेटे और बहू के लिए बनारसी परिधानों की खरीददारी करेंगी।
बुनकरों से साड़ी के बारे में जानकारी लेतीं नीता अंबानी
- फोटो : अमर उजाला