सिगरा स्टेडियम में बुधवार से क्रिकेट के ‘गंवई’ युग का आगाज इंडियन ग्रामीण क्रिकेट लीग (आईजीसीएल) के रूप में होगा। इसमें पूर्वांचल की 32 टीमें हिस्सा लेंगी। सेमीफ ाइनल और फाइनल को छोड़ सभी मैच 15-15 ओवरों के खेले जाएंगे। आईजीसीएल में कैनवस क्रिकेट के धुरंधरों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का भरपूर मौका मिलेगा। विजेता टीम को तीन लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
आईजीसीएल के चेयरमैन अनुराग भदौरिया के अनुसार नाकआउट आधार पर खेली जानी वाली इस प्रतियोगिता में वाराणसी के अलावा गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली आदि जनपदाें की टीमें भी हिस्सा लेंगी। मैच के लिए मैदान की परिधि घटाकर 55 मीटर
की गई है। दर्शकों के बैठने के लिए अलग-अलग दीर्घा बनाई गई है। बुधवार को दोपहर में शमिता शेट्टी, आकृति कक्कड़ और जाएद खान सरीखे बॉलीवुड के कई नामचीन सितारों की रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच प्रतियोगिता का उद्घाटन बदायूं के सांसद धर्मेंद्र यादव करेंगे। छह नवंबर को समापन समारोह
में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मौजूद रहेंगे। इस आयोजन से बनारस क्लब, लायंस क्लब और रोटरी क्लब समेत शहर के अन्य क्लबों को भी जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि विजेता टीम को तीन लाख रुपये और उप विजेता को दो लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसी तरह तीसरे
स्थान पर रहने वाली टीम को एक लाख और चौथे स्थान वाली टीम को 50 हजार रुपये मिलेंगे। प्रत्येक मैच में मैन आफ द मैच का पुरस्कार भी दिया जाएगा। भदौरिया ने बताया कि आईजीसीएल से ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को बड़ा प्लेटफार्म मिलेगा।