भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए पुरानी व्यवस्था बहाल करने का एलान किया है। ठीक दो साल बाद ट्रेनों के एसी कोच के यात्रियों को फिर से कंबल और चादर मिलना शुरू हो जाएगा। कोरोना काल में इस पर रोक लगा दी गई थी। पाबंदी हटने से यह सुविधा जल्द शुरू की जाएगी। कोरोना संक्रमण के दौरान 23 मार्च 2020 में ट्रेनों में कंबल और चादर पर प्रतिबंध लगा था।
इससे यात्रियों को अपने साथ कंबल और चादर लाना पड़ता था। वहीं संक्रमण की दूसरी लहर के बाद वन टाइम यूज कंबल और चादर दिया जाने लगा। अब इस पर पाबंदी हटा दी गई है। अब सभी ट्रेनों के एसी कोच में कंबल और चादर यात्रियों को दिए जाएंगे। रेल अधिकारियों ने बताया कि बोर्ड के आदेश के बाद कवायद शुरू कर दी गई है। जल्द ही ट्रेनों में यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी।