वाराणसी से दिल्ली जाने और आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस तकनीकी कारणों से आज कई घंटे विलंब से चल रही है। यह ट्रेन आज वाराणसी से अपने निर्धारित समय से करीब छह घंटे की देरी से रात 9:15 पर रवाना होगी। इस कारण वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचे यात्री परेशानी का सामना कर रहे हैं। ट्रेन के विलंब होने के कारण यात्री वेटिंग रूम में इंतजार कर रहे हैं। बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन अधीक्षक से अपनी परेशानियों को बता रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली से वाराणसी आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन तकनीकी खराबी आने के चलते खुर्जा जंक्शन पर रोक दी गई। बताया जा रहा है कि वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के इमरजेसी ब्रेक जाम हो गए थे। इसके बाद खुर्जा जंक्शन पर शताब्दी एक्सप्रेस में सभी यात्रियों को शिफ्ट कर वाराणसी रवाना किया गया।
वंदे भारत एक्सप्रेस दोपहर दो बजे वाराणसी कैंट जंक्शन पर आती थी और तीन बजे दिल्ली के लिए रवाना होती थी। कैंट रेलवे स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि ट्रेन वाराणसी जंक्शन से रात 9:15 बजे रवाना होगी।