भारत ने चौथे टेस्ट में हराया
भारत ने चौथे और अंतिम टेस्ट मैच में तीन विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। चार मैच की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम की। ऑस्ट्रेलिया की गाबा में 32 वर्षों से चली आ रही बादशाहत खत्म की। अपने दो युवा बल्लेबाजों शुभमन गिल और ऋषभ पंत की आकर्षक अर्धशतकीय पारियों के दम पर भारत ने मैच में वापसी की। एडिलेड में पहला टेस्ट मैच गंवाने के बाद शानदार वापसी की। भारत ने दूसरा टेस्ट मैच जीता। फिर तीसरा ड्रॉ होने के बाद गाबा में खेला गया चौथा टेस्ट मैच जीत लिया। भारत ने यह जीत तब दर्ज की जब कई शीर्ष खिलाड़ी चोटिल होने या अन्य कारणों से टीम में नहीं थे।
भारत आखिरी दिन अगर 325 रन बना पाया तो इसका पूरा श्रेय गिल और पंत को जाता है। रोहित शर्मा (सात) के सुबह जल्दी आउट होने के बावजूद गिल ने मजबूत इरादों के साथ बल्लेबाजी की। दिन के पहले भाग में गिल छाए रहे तो बाद में पंत ने जलवा दिखाया। 91 रन की प्रवाहमय पारी खेलकर गिल ने ऋषभ पंत में भी जोश भरा। पंत ने आक्रामकता और रक्षण की अच्छी मिसाल पेश करके नाबाद 89 रन बनाए। भारत के सामने 328 रन का लक्ष्य था और उसने सात विकेट पर 329 रन बना लिए।