शाम साढ़े 6 बजे के लगभग श्रीनगर, बारामूला सहित जम्मू-कश्मीर की तीन जेलों में निरुद्ध रहे 30 कैदियों को लेकर बाबतपुर एयरपोर्ट पर वायुसेना का विशेष विमान उतरा। इसके बाद सभी कैदियों को वज्र वाहन में बैठा कर सेंट्रल जेल लाया गया।
इस दौरान बाबतपुर एयरपोर्ट से सेंट्रल जेल मार्ग की एक लेन को खाली करा दिया गया था। इस संबंध में सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक अंबरीश गौड़ ने बताया कि कारागार में 30 कैदियों को दाखिल किया गया है। बता दें कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर की जेलों के कैदियों को प्रयागराज, आगरा, लखनऊ और बरेली जेल में शिफ्ट किया जा चुका है।
किसी को भी नहीं लगी भनक :
जम्मू-कश्मीर की जेलों से लाए गए 30 कैदियों को लेकर ऐसी गोपनीयता बरती गई कि उनको शिफ्ट किए जाने की भनक कारागार के कर्मियों के साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी नहीं लगी। उच्च स्तरीय निर्णय के बाद शाम के समय जिलाधिकारी के पास सूचना आई और इसके बाद एयरपोर्ट परिसर व सेंट्रल जेल के इर्दगिर्द अचानक सुरक्षा बढ़ा दी गई।
इसी बीच शाम 6:15 बजे के लगभग एयरपोर्ट पर डीएम और एसएसपी पहुंचे, तब जाकर सुगबुगाहट हुई कि कोई विशेष बात है। इसके बाद सभी 30 कैदियों को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच डीएम और एसएसपी लेकर सेंट्रल जेल पहुंचे और रात 9:40 बजे के लगभग बाहर निकले।
तैनात की गई पीएसी :
जम्मू-कश्मीर के कैदियों को शिफ्ट किए जाने के बाद सेंट्रल जेल परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जेल के चारों ओर पीएसी तैनात की गई है। शिवपुर इंस्पेक्टर को निरंतर चक्रमण करते रहने का निर्देश दिया गया है। वहीं, जेल की जिस बैरक में जम्मू-कश्मीर के कैदियों को रखा गया है वहां निगरानी के लिए अतिरिक्त बंदीरक्षकों की तैनाती की गई है।