हरिश्चंद्र पीजी काॅलेज में सोमवार को आयोजित कार्यशाला में वैदिक गणित से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा हुई। इस दौरान प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा के मार्ग से ही भारत विश्व गुरु बनेगा।
आईक्यूएसी की ओर से वैदिक गणित और मेमोरी साइंस विषय पर आयोजित कार्यक्रम में प्रो.रजनीश कुंवर ने कहा कि वैदिक गणित न केवल एक प्रबुद्ध शैक्षणिक उपकरण है बल्कि यह एक परिष्कृत प्राचीन भारतीय सभ्यता का परिचायक भी है। वैदिक गणित एवं मेमोरी साइंस विषय के विशेषज्ञ धीरज गुप्ता ने वैदिक गणित की विशेषताओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वैदिक गणित हमारी प्राचीन धरोहर है। आईक्यूएसी के संयोजक प्रो. अनिल कुमार ने बताया कि भारत सरकार की ओर से भारतीय ज्ञान परंपरा के विकास के लिए कई प्रोग्राम चलाए जा रहे हैं। संचालन प्रो. विश्वनाथ, धन्यवाद ज्ञापन रमेश कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रो. सत्येंद्र सिंह, प्रो. रिचा सिंह, प्रो. जगदीश सिंह, डॉ. धर्मेंद्र कुमार गुप्ता, डॉ. राम आशीष, डॉ. अजय गौतम मौजूद रहे।