पिछले दो दिनों में अचानक मौसम ने करवट ली। जिसके बाद लोगों को परेशानी हुई। बदलते मौसम के कारण लोग बीमार होना शुरू हो गए। जिसने भी इस बदलते मौसम थोड़ी सी लापरवाही दिखाई वह बीमार पड़ गया। बनारस के अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई।
बदलते मौसम में बीमारी को लेकर मंडलीय अस्पताल के चेस्ट फीजिशियन डॉ. आरके शर्मा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से मौसमी बीमारी के मरीजों की संख्या 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ी है।
उन्होंने बताया कि बदलते मौसम में सेहत के प्रति सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर सुबह टहलने और देर शाम आफिस या अन्य कार्यक्रमों से लौटते समय जरूरत के हिसाब से गर्म कपड़े जरूर पहने। बाहर से आने के बाद न तो फ्रीज का ठंडा पानी पीए और न ही रात में पंखा चलाकर सोये।
शहर के दीनदयाल अस्पताल, मंडलीय अस्पताल, रामनगर अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।