वाराणसी में आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को लंका के कामधेनु अपार्टमेंट स्थित बिहार के एक राजनीतिक दल के नेता और कारोबारी के फ्लैट में छापा मारा। बताया जा रहा है कि टीम फ्लैट से कुछ कागजात, कंप्यूटर और कुछ अन्य महत्वपूर्ण सामग्री अपने साथ ले गई है, इन सभी की जांच की जाएगी।
बिहार में आगामी 28 अक्तूबर से विधानसभा चुनाव है। पटना से आई आयकर विभाग की टीम बुधवार को कामधेनु अपार्टमेंट पहुंची। टीम ने बिहार के एक राजनीतिक दल के नेता के खनन के साथ ही होटल और अन्य कारोबार के बारे में जानकारी जुटाई।
पता लगाया कि बनारस में उनके फ्लैट या अन्य संपत्तियां और कहां-कहां हैं। इसके साथ ही कहां-कहां उन्होंने निवेश कर रखा है। आयकर सूत्रों के मुताबिक कामधेनु अपार्टमेंट में जिसके वहां छापा मारा गया है, उन्हीं के चार पहिया वाहन से बीते हफ्ते पटना में 75 लाख रुपये बरामद हुए थे। वहीं, छापे के संबंध में आयकर विभाग के स्थानीय अधिकारियों ने अनभिज्ञता जताई।