वाराणसी। चोरी का आरोपी मेडिकल मुआयना के दौरान बुधवार को लंका थाने की पुलिस की अभिरक्षा से भाग निकला। लंका थाने की पुलिस की सूचना के आधार पर मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने मड़ौली से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी के मुकदमे में वांछित देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना के सिरजम गांव निवासी धर्मेंद्र सेठ को लंका थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बुधवार की दोपहर मेडिकल मुआयना के दौरान भेलूपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लघुशंका के बहाने धर्मेंद्र पुलिस कर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। सूचना पाकर रमना चौकी इंचार्ज संध्या सिंह ने धर्मेंद्र की खोजबीन शुरू की और उसकी रिश्तेदारी के आधार पर थाना प्रभारी मंडुवाडीह महेंद्र राम प्रजापति को भी सूचना दी। सर्विलांस की मदद से धर्मेंद्र के मोबाइल की लोकेशन मड़ौली क्षेत्र में मिली तो मंडुवाडीह थाना प्रभारी ने घेरेबंदी कर उसे पकड़ लिया। धर्मेंद्र ने बताया कि वह अपने जीजा के घर छुपने जा रहा था। मंडुवाडीह थाना प्रभारी ने आरोपी धर्मेंद्र को लंका थाने की पुलिस को सौंप दिया।