कोरोना संक्रमण काल में जहां एक तरफ हर क्षेत्र को काफी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी तरफ मऊ डिपो की आय में 40 फीसदी बढ़ोत्तरी हुई। कोरोना संक्रमण काल में बेहतर कार्य कर आय बढ़ाने वाले नौ परिचालकों को डिपो प्रशस्ति पत्र प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने आजमगढ़ रीजन के आरएम को पत्र भेजकर अवगत कराया है।
मऊ डिपो में वर्तमान में 47 बसों का संचालन हो रहा है। इसमें अब भी 20 फीसदी बसें, चालक न होने और खराब होने के चलते बंद है। लेकिन कोरोना संक्रमण काल में ट्रेनों का संचालन बंद होने से इसका सीधा लाभ रोडवेज डिपो को होता दिख रहा है।
हालात यह हैं कि बीते मार्च में जहां लोड फैक्टर 70 से बढ़कर 90 से ऊपर पहुंच चुका है। वर्तमान में रोडवेज हर दिन 7 से साढ़े सात लाख रुपये का राजस्व प्राप्त कर रहा है। जो कि कोरोना संक्रमण काल यानी मार्च माह के पांच लाख रुपये प्रतिदिन से 40 फीसदी तक ज्यादा है। इस पर डिपो प्रबंधक विवेकानंद त्रिपाठी ने बेहतर कार्य करने वाले नौ परिचालकों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया।