भूत भगाने के चक्कर में थाना गांव निवासी हीरालाल मौर्या ने शुक्रवार की रात अपने पूरे परिवार को फिर से बंधक बना लिया। विरोध करने पर नाती को पीटकर घायल कर दया। गांव वालों की सूचना पर पुलिस ने बंधकों को मुक्त कराया। पुलिस ने हीरालाल को मानसिक रूप से बीमार बताते हुए इलाज के लिए पांडेयपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय भिजवाया है।
फूलपुर थाना क्षेत्र के थाना गांव निवासी किसान हीरालाल मौर्या को सप्ताह भर पूर्व किसी ओझा ने बताया कि उनके घर में भूत है, जो परिवार को नुकसान पहुंचा सकता है। ओझा के कहने के मुताबिक ही हीरालाल ने पिछले बुधवार को पत्नी राजपत्ती, बेटा विनय, बेटी और पौत्र को एक घर के एक कमरे में बंद कर दिया और उनसे जाप करने को कहा। गांव के ही किसी व्यक्ति ने शुक्रवार की दोपहर में इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उन्हें मुक्त कराकर उनका इलाज कराया।
शुक्रवार की रात उपचार के बाद सभी अपने घर पहुंचे। रात में हीरालाल ने फिर से परिवार को एक कमरे में बंद कर जप करने को कहा। विरोध करने पर नाती पिंटू के सिर पर वार कर दिया। सूचना पाकर शनिवार की सुबह पहुंची पुलिस ने परिवार को मुक्त कराया। एसओ फूलपुर संजीवकांत मिश्रा का कहना है कि हीरालाल मानसिक रूप से बीमार है। मानसिक अस्पताल में इलाज के लिए उसे भेजा गया है।