वाराणसी। नए साल के पहले रविवार को भक्तों ने राष्ट्र की खुशहाली और मंगल के लिए बाबा विश्वनाथ के दरबार में दुग्धाभिषेक किया।
इससे पहले बाजे गाजे के साथ निकली शोभायात्रा में घोड़ों पर देवी-देवताओं के स्वरूपों की झांकी देखने के लिए छतों-बारजों पर पर बच्चों-महिलाओं की भीड़ लगी रही। इस दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा हुई और गगनभेदी जयकारे गूंजते रहे।
काशी किराना व्यापार मंडल की ओर से गोलादीनानाथ परिसर से शोभायात्रा दिन के 11 बजे निकाली गई। इसमें सबसे आगे घोड़ों पर सवार राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान के स्वरूप आकर्षण का केंद्र बने हुए थे।
एक रथ पर त्रिशूल लिए भगवान शिव के भी स्वरूप को सजाया गया था। रास्ते भर डमरू नाद होता रहा। शहनाई की मंगलध्वनि के साथ खुब आतिशबाजी भी देखने को मिली।
किराना मंडी से शोभायात्रा जालपा देवी, कबीरचौरा, लोहटिया, मैदागिन, चौक, बांस फाटक, गोदौलिया और डेढ़सी पुल होते हुए दोपहर करीब 1.30 बजे मंदिर पहुंची।
इससे पूर्व 101 लीटर दूध से भक्तों ने बाबा का अभिषेक किया। शोभायात्रा में पिंडरा के विधायक अजय राय, शहर दक्षिणी के विधायक श्याम देव राय चौधरी, दयाशंकर मिश्र दयालू, किराना व्यापार मंडल के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्ता, अनिल बरनवाल, प्रकाश जायसवाल आदि मौजूद रहे।