पांच सौ और एक हजार के पुराने नोट बदलवाने और जमा करने के लिए जिले के ग्रामीण इलाकों में लोगों को ज्यादा मुसीबतें उठानी पड़ रही हैं। कहीं पैसे खत्म होने की बात कहकर लौटाया जा रहा है तो कहीं चेहरे पहचान कर रियायत दी जा रही है। बुधवार को कई जगहों पर समय से पैसा न मिलने, एटीएम बंद होने आदि समस्याओं से दो-चार हो रहे लोगों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की। मौके पर मौजूद बैंक अधिकारियों और पुलिस के मान-मनौव्वल के बाद नाराज लोग शांत हुए।
चोलापुर संवाददाता के अनुसार नियार स्थित काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक में बुधवार को 50-100 और 2000 के नोट को लेकर हंगामा हुआ। लाइन में खड़े लोगों ने जब मैनेजर से रुपये की मांग की तो उन्होंने पैसा न होने की बात कही। इस पर नाराज ग्रामीणों और मैनेजर के बीच नोंकझोंक भी हुई। अजगरा पुलिस ने मामला शांत कराया। राजातालाब संवाददाता के अनुसार गंगापुर में सेंट्रल बैंक के बाहर लाइन में लगे लोगों ने दूसरों के अंदर जाने पर नाराजगी जताते हुए नारेबाजी और हंगामा किया। आरोप लगाया कि कुछ लोगों को बिना लाइन में लगे टोकन दिया जा रहा है और वे अंदर जाकर पैसा ले रहे हैं। यहां लाइन में खड़े रोहित गुप्ता, अजय कुमार गोपाल, अमित गुप्ता आदि ने बताया कि टोकन के लिए घंटों लाइन में लगने के बाद भी पैसा नहीं मिल पा रहा है। उधर लोगों के हंगामे की वजह से बुधवार से टोकन व्यवस्था समाप्त कर दी गई। कछवारोड संवाददाता के अनुसार बैंक ऑफ बड़ौदा की स्थानीय शाखा में सुबह सात बजे से लगी लंबी लाइन में खड़े लोगों ने भी तब हंगामा और नारेबाजी करनी शुरू की जब उन्होंने देखा कि बैंक में कुछ लोगों को पहले रुपये दे दिए गए जो लाइन में खड़े ही नहीं थे।
रामनगर संवाददाता के अनुसार काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक में लाइन में खड़े कई लोग खाते से रुपया नहीं निकाल सके। कर्मचारियों ने बताया कि बैंक में पैसा नहीं है। कुछ इसी तरह का माहौल पड़ाव एसबीआई पर भी दिखा। सुनील चौबे, मंजू गुप्ता, फिरोज खान ने बताया कि लाइन में सुबह आठ बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक खड़े रहने पर भी पैसा नहीं मिला। सेवापुरी संवाददाता के अनुसार बैंक आफ बड़ौदा तक्खू की बावली शाखा पर लाइन में लगे कुछ मजदूरों को खदेड़ा गया। लाइन में लगे ग्रामीणों ने बैंक मैनेजर अभिषेक कुमार श्रीवास्तव से शिकायत दर्ज कराई कि वे कमीशन के लिए दूसरे का पैसा बदलवा रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने मजदूरों को हटाया।
चौबेपुर (ब्यूरो)। चौबेपुर कस्बा स्थित इलाहाबाद बैंक, ओरियंटल बैंक और स्टेट बैंक की शाखाओं में बुधवार को खाते से रुपये निकालने वालों की संख्या में इजाफा हुआ। काशी ग्रामीण बैंक की उमरहा शाखा में पिछले दो दिन से रुपये न रहने से ग्रामीण परेशान थे। लोगों ने डीएम से शिकायत की तब बुधवार की शाम यहां पैसा भेजा गया।
लोहता (ब्यूरो)। बैंकों में नोट बदलने के लिए रोज भीड़ बढ़ती ही जा रही है जिसके चलते काफी धक्का-मुक्की हो रही है। लोहता स्थित बैंक आफ बड़ौदा में सुबह से उकताना नामक युवती लाइन में लगी थी। दोपहर करीब 12 बजे वह बेहोश हो गई। इससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। उधर लोहता में एसबीआई, इलाहाबाद बैंक पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पीएसी लगानी पड़ी। लोहता के सुरेश केशरी ने बताया कि उनका खाता बैंक ऑफ बड़ौदा में है। इतनी भीड़ हो रही है कि खाते में पैसा होने के बाद भी निकाल नहीं पा रहे हैं।