वाराणसी। राष्ट्रीय पर्यावरण जागरूकता अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्श गांव जयापुर में आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों की नर्सरी लगाई जाएगी। इस नर्सरी में एलोवेरा के अलावा तुलसी और कालमेघ के पौधे भी होंगे। इनके अलावा आयुर्वेदिक दवाओं में इस्तेमाल होने वाली जड़ी-बूटी के पौधे भी नर्सरी में तैयार होंगे।
मिर्जापुर की गैर सरकारी संस्था ज्योति संस्थान की मदद से जयापुर में रविवार को शिविर लगाकर एलोवेरा के पौध वितरित किये जाएंगे। गांव में स्थित कन्या पाठशाला में आयोजित समारोह में मौजूद गांव के किसानों को इन पौधों का वितरण होगा। यहां आयोजित पर्यावरण संगोष्ठी में किसानों को एलोवेरा, तुलसी और कालमेघ के विशेषताएं, रोगों के उपचार में इनके उपयोग और इनकी नर्सरी लगाने के तौर-तरीकों की
जानकारी भी दी जाएगी। जयापुर के प्रधान प्रतिनिधि नारायण पटेल ने बताया कि राष्ट्रीय पर्यावरण जागरूकता अभियान की इस साज की थीम ‘बंजर भूमि, भू-क्षरण और सूखा के विरुद्ध मुकाबला’ है। बताया कि पौधरोपण कार्यक्रम में गांव की प्रधान दुर्गावती देवी के अलावा ज्योति संस्थान की मंत्री निर्मला देवी, राजेंद्र प्रसाद, उषा देवी एवं प्रोजेक्ट समन्वयक हरिशंकर सिंह विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। बताया कि नर्सरी में तैयार होने वाले आयुर्वेदिक पौधे घरेलू उपचार में काम आएंगे। इससे न केवल पैसे की बचत होगी बल्कि समय पर दवा भी उपलब्ध होगी।