वाराणसी। गोपनीय दौरे के तहत काशी पहुंचीं सिने तारिका दीपिका पादुकोण ने कड़ाके की ठंड में बुधवार की रात गंगा घाट पर फिल्म की शूटिंग की।
रिहर्सल के बाद उन्होंने अपनी फिल्म ‘पीकू’ का आखिरी शाट चेतसिंह किला घाट पर ओके किया। पहले से उनके आने की खबर न होने के बावजूद इसकी भनक लगते ही कुछ लोग अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए घाट पर पहुंचे, लेकिन उन्हें निराश होना पड़ा।
बैरीकेडिंग की वजह से छायाकारों को भी निजी सुरक्षा गार्डों ने शूटिंग स्थल पर जाने से रोक दिया। इस दौरान गार्डों और छायाकारों में हुज्जत भी हुई।
फिल्म निर्माता कंपनी राइजिंग सन के बैनर तले बनने वाली फिल्म ‘पीकू’ के आखिरी शॉट को शूट करने के लिए दीपिका रात साढ़े आठ बजे चेतसिंह किला घाट पहुंची। घाट पर लालटेन की रोशनी के बीच रात का दृश्य फिल्माने की कोशिश की गई थी।
इससे पहले सिने तारिका ने घंटे भर तक रिहर्सल किया। इस दौरान वह बार- बार सीढि़यां उतरती और घाट पर आकर बैठती रहीं। फिल्म के निर्देशक सुजीत सरकार दीपिका के इस शाट को सार्वजनिक न करने का बार-बार आग्रह कर रहे थे। दीपिका देर रात चेतसिंह किले में मौजूद थीं।