वार्ता करते आप विधायक नरेश यादव और पार्टी कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में विकास का दावा हवा-हवाई है। धरातल पर कुछ भी नहीं है। यहां के लोगों को बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवा व अच्छी शिक्षा नहीं मिल रही है। बस विकास के दावे किए जा रहे हैं। यहां की जनता को आम आदमी की सरकार लाने की जरूरत है, जिससे उन्हें दिल्ली की तरह अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली व पानी की सुविधा मिल सके। इसके लिए यूपी की जनता को पंचायत व विधानसभा चुनाव में पार्टी को लाना होगा। यहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का विकास व शिक्षा मॉडल लाने की जरूरत है। उक्त बातें शुक्रवार को आजमगढ़ स्थित पीडब्ल्यूडी डाक बंगला में आम आदमी पार्टी के आजमगढ़ पंचायत चुनाव प्रभारी और दिल्ली के महरौली से विधायक नरेश यादव ने पत्र प्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान कही।
विधायक नरेश यादव ने कहा कि यहां के शिक्षा क्षेत्र पल्हनी में एक विद्यालय का निरीक्षण किया गया जहां पूरी व्यवस्था ही चौपट नजर आई। भवन पूरी तरह से जर्जर अवस्था में थे। न तो प्लास्टर था और न ही पेंट लगाया गया था। कहा कि यहां के बच्चों को उनका हक मिलना चाहिए। इतना ही नहीं यूपी सरकार यहां की जनता को बिजली, पानी, सड़क व स्वास्थ्य की सुविधा भी नहीं उपलब्ध करा पा रही है।