बॉलीवुड अभिनेता इमरान, अभिनेत्री जेनेलिया और सह अभिनेता पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह।
- फोटो : संवाद
सितारों के पहुंचते ही इमरान-इमरान के नारों से मैदान गूंज उठा। मंच से इमरान ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया और कहा कि जौनपुर के लोगों का इतना प्यार और उत्साह देखकर दिल खुश हो गया। यहां के लोगों का प्यार कभी नहीं भूल सकता। जल्द दोबारा जौनपुर आने का भी वादा किया।
वहीं, अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने नमस्ते जौनपुर, आई लव यू कहकर लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने यहां के अपनापन और उत्साह की सराहना की। सह अभिनेता अभिषेक सिंह ने युवाओं से 27 नवंबर को सिनेमाघरों में फिल्म देखने की अपील की। कलाकारों ने फिल्म के संवाद सुनाए और प्रशंसकों से बातचीत की। इमरान ने उनके साथ सेल्फी भी ली। फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
सुबह 11 बजे से ही जुटने लगे थे प्रशंसक, बिन पानी भी कम नहीं हुआ उत्साह
जौनपुर। बॉलीवुड सितारों की एक झलक पाने के लिए मोहम्मद हसन कॉलेज के मैदान में सुबह 11 बजे से ही प्रशंसकों का पहुंचना शुरू हो गया था। समय बीतने के साथ युवाओं की भीड़ बढ़ती गई। हालांकि, कार्यक्रम स्थल पर पानी की व्यवस्था नहीं होने से प्रशंसकों को परेशानी उठानी पड़ी। भीड़ में एक युवती गश खाकर गिर पड़ी।
अभिनेता इमरान हाशमी शाम करीब साढ़े चार बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। वह लगभग आधे घंटे तक वहां रहे। अपने पसंदीदा अभिनेता को सामने देखकर युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई प्रशंसक मोबाइल से उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाने में जुटे रहे। कुछ युवतियां इमरान हाशमी की तस्वीर लेकर भी पहुंची थीं। सितारों की एक झलक पाने के लिए युवा काफी देर तक मैदान में डटे रहे।