एक घंटे से अधिक देरी से पहुंची बेगमपुरा, मुंबई, देहरादून से आने वाली ट्रेनें भी हुईं लेट
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। देश के विभिन्न राज्यों में हो रही बारिश का असर रेल यातायात पर दिखने लगा है। इसके अलावा कुछ जगहों पर काम चलने की वजह से रूट डायवर्जन किया गया है। इसके चलते मुंबई और जम्मू से आने वाली कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से कैंट स्टेशन पहुंच रही हैं। इस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को जम्मू से आने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस से आने वाली दो ट्रेनों के साथ ही देहरादून और दिल्ली से आने वाली ट्रेनें भी देरी से पहुंचीं।
मानसून की सक्रियता की वजह से मुंबई, जम्मू, बिहार आदि जगहों पर तेज बारिश हो रही है। इस वजह से ट्रेनों की रफ्तार पर भी असर दिखने लगा है। शुक्रवार को जम्मू से दोपहर 1:45 बजे चलने वाली ट्रेन नंबर 12238 बेगमपुरा एक्सप्रेस के अगले दिन दोपहर 12:30 बजे बनारस पहुंचने का समय है। यह ट्रेन शनिवार को एक घंटे 25 मिनट की देरी से दोपहर 1:55 बजे प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर पहुंची। उधर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस से आने वाली 11071 कामायनी एक्सप्रेस शाम 7:45 बजे की जगह एक घंटे 15 मिनट की देरी से रात नौ बजे पहुंची।
दादर से चलकर गोरखपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 01027 स्पेशल ट्रेन को शुक्रवार रात 9:45 बजे आना था। यह ट्रेन तीन घंटे 10 मिनट की देरी से रात 12:55 बजे प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची। देहरादून से बनारस आने वाली ट्रेन नंबर 15120 देहरादून-बनारस एक्सप्रेस अपराह्न 3:25 बजे की जगह 55 मिनट की देरी से शाम 4:20 बजे प्लेटफॉर्म नंबर चार पर पहुंची। रूट डायवर्जन की वजह से नई दिल्ली से आने वाली 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सुबह 4:40 बजे की जगह एक घंटे 20 मिनट की देरी से सुबह छह बजे बनारस स्टेशन पहुंची।