चार गिरफ्तार, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
- फोटो : अमर उजाला
अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने एक ही गांव में चल रही दो मिनी शराब फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है। मौके से एक करोड़ से अधिक की अंग्रेजी और देशी शराब के अलावा उपकरण और पैकिंग मशीन बरामद की गई है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
मऊ जिले के मिर्जापुर गांव में अवैध अंग्रेजी एवं देशी शराब की मिनी फैक्ट्री की सूचना पर शुक्रवार की रात छापा मारा गया। इस दौरान 490 पेटी अंग्रेजी शराब, शराब बनाने की मशीन व अन्य उपकरण, सात ड्रम शीरा व बड़ी संख्या में ढक्कन व शीशी बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इसी गांव से एक दिन पूर्व गुरुवार की रात एक घर पर दबिश देकर 9225 शीशी देशी शराब, 40 पैकेट खाली शीशी, 7 बोरी ढक्कन, 7 ड्रम केमिकल शीरा, पैकिंग मशीन, आरओ मशीन, नौसादर, फिटकिरी, गत्ता व कार्टून बरामद कर रामध्यान निवासी मिर्जापुर थाना रानीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मिर्जापुर गांव के ही मनोज कुमार के घर से 150 पेटी अंग्रेजी व देशी बरामद कर सोहित यादव निवासी मिर्जापुर थाना रानीपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बरामद शराब, उपकरण एवं ड्रम में बरामद शराब की कीमत एक करोड़ से अधिक बताई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर दिया। जबकि चार अन्य के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज किया है।