बिहार के गया शहर के एपी कॉलोनी स्थित गांगो बिगहा मोहल्ले में अतरी की राजद विधायक कुंती देवी के मकान से गुरुवार की दोपहर छापेमारी के दौरान तीन हथियार बरामद हुए। मकान में रह रहे जैकी कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की भनक लगने पर दो युवक चहार दिवारी फांदकर भाग निकले।
गया एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि एसटीएफ को विधायक के मकान में रह रहे लोगों द्वारा हथियारों की खरीद-ब्रिकी किये जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर एसटीएफ व जिला पुलिस की टीम गठित कर छापेमारी की गई। इसमें दो देशी कारबाइन व एक नाइन एमएम की देशी पिस्टल बरामद की गई है।
मौके पर ही जैकी को गिरफ्तार किया गया। जैकी परैया थाना क्षेत्र के पचमो गांव का रहने वाला है। पूछताछ में जैकी ने बताया कि भागने वाले युवकों में एक विधायक के बेटे रंजीत यादव का साला पंकज यादव व दूसरा स्थानीय डब्ल्यू यादव है।
एसएसपी ने बताया कि जैकी ने पंकज व डब्ल्यू के साथ हथियारों की खरीद-ब्रिकी करने की बात स्वीकारी है। इस मामले को लेकर रामपुर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें जैकी कुमार, पंकज यादव व डब्ल्यु यादव को नामजद करते हुए जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।