पोस्ता खेती पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश- मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित सिंगरौली में सोमवार को पोस्ता (अफीम) की खेती का भंडाफोड़ हुआ है। इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। रीवा संभाग के किसी जिले में पकड़ी गई अफीम की यह सबसे बड़ी खेती है।
पुलिस कप्तान विनीत जैन ने सोमवार को दलबल के साथ मनिहारी गांव में छापामारा। इस दौरान करीब एक हेक्टेयर में नौ स्थानों पर अवैध पोस्ता की खेती होने की बात सामने आई। इसकी पुष्टि के बाद नौ मुख्य आरोपियों के साथ एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि बरगवां थाना क्षेत्र के 12 लोग बिना अनुमति खेती कर रहे थे।
एसपी ने बताया कि बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम मनिहारी में अवैध अफीम की खेती की पुष्टि कराई गई। इसके बाद छापा मारा गया। इसमें आरोपी बद्री वैश्य, अंजनी वैश्य, संतकुमार वैश्य, रामलल्लू वैश्य, रामललन, रामायण, बसंत लाल, शारदा वैश्य, तीरथ वैश्य के खेतों में पोस्ता के पौधे तैयार पाए गए।
मध्य प्रदेश में नीमच, मंदसौर, रतलाम व झाबुआ के अलावा किसी भी जिले व गांव में अफीम (पोस्ता) खेती की अनुमति शासन से नहीं दी गई है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी कि पोस्ता की खेती के लिए अनुमति लेनी पड़ती है।
उन्हें तस्करी का भी कोई ज्ञान नहीं है और न ही वह नशा आदि से संबंधित कारोबार करते हैं। ग्रामीणों ने भी उनकी बातों का समर्थन किया और बताया कि ये लोग सोंठ आदि बनाने के काम में लाते हैं। एसपी ने गांव वालों की दलील खारिज कर दी।