यूपी में एक भाजपा के विधायक राइस मिल से पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने इसे जब्त कर लिया है। वहीं विधायक प्रतिनिधि ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उधर, विधायक ने कहा कि उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से शराब रखवाई गई थी। इसकी शिकायत एसपी संतोष सिंह से की गई है।
चंदौली जिले के चकिया से विधायक शारदा प्रसाद की फत्तेपुर गांव की राइस मिल दस साल से बंद है। इसकी रखवाली गांव का ही चंद्रबली यादव करता है। रविवार की सुबह चंद्रबली दूध लेकर कहीं गया था।
वह लौटकर आया तो देखा कि मिल का गेट और चहारदीवारी टूटी है। परिसर में किसी बड़े वाहन के टायर के निशान भी थे, जो मजदूरों के लिए बने कमरे की तरफ गए थे। वहां 64 पेटी बंद और दो खुली पेटी अंग्रेजी शराब प्लास्टिक से ढ़क कर रखी गई थी।
उसने विधायक और उनके प्रतिनिधि को इसकी जानकारी दी। विधायक प्रतिनिधि अश्वनी दूबे की सूचना पर पुलिस ने शराब जब्त कर ली। इस मामले में विधायक प्रतिनिधि ने अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया।