इंजीनियरिंग की प्रतियोगी परीक्षा ‘आईआईटी जेईई मेन परीक्षा 2018’ रविवार यानि आठ अप्रैल को बनारस के 27 केंद्रों पर होगी। जिले में 17000 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
दो पालियों में होने वाली यह परीक्षा सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू होगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर साढ़े बाहर बजे तक होगी जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक।
सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर व डालिम्स रोहनिया के प्रिंसिपल वीके मिश्र के अनुसार प्रथम पाली में करीब 16000 अभ्यर्थी शामिल होंगे जबकि दूसरी पाली में एक हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रथम प्रश्नपत्र में बीटेक/बीई और द्वितीय प्रश्नपत्र में बीआर्क/बीप्लानिंग कोर्स शामिल है।
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ एक फोटो आई कार्ड लाना आवश्यक है। विकलांग कोटे के तहत प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी विकलांग प्रमाण पत्र अवश्य लाएं। मोबाइल, कैलकुलेटर समेत कोई भी इलेक्ट्रानिक गैजेट्स प्रतिबंधित होगा। डिजिटल व स्मार्ट वाच भी प्रतिबंधित है।
अभ्यर्थियों के लिए बॉल प्वाइंट पेन परीक्षा केंद्र पर ही उपलब्ध होगी। प्रथम प्रश्नपत्र में शामिल होने वाले अभ्यर्थी स्टेशनरी का कोई सामान नहीं लाएंगे। जबकि द्वितीय प्रश्नपत्र देने वाले अभ्यर्थी अपना जियोमेट्री बॉक्स सेट, पेंसिल, इरेजर, कलर पेंसिल लेकर आएंगे।