म्यूजिकल नाइट विरोध को लेकर आमने-सामने के मुकाबले के बाद अब आईआईटी और बीएचयू के छात्रों के बीच साइबर वार छिड़ गया है। बुधवार को एक छात्र ने म्यूजिकल नाइट विरोध से जुड़ी एक पोस्ट फेसबुक वाल पर डाली।
इसके जवाब में आईआईटी डायरेक्टर प्रो. राजीव संगल के नाम की आईडी से किसी ने गालियां पोस्ट कर बावेला खड़ा कर दिया। छात्र ने मामले की जानकारी लंका पुलिस को देने के साथ ही एडीजी को ट्वीट कर शिकायत की है।
उधर, डायरेक्टर ने अपने नाम से फेसबुक पर किसी तरह की आईडी होने से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि बहुत पहले भी एक बार इसी तरह मेरे नाम, फोटो लगी आईडी बनाकर उसका गलत इस्तेमाल किया गया था। इस तरह की कार्रवाई मुझे और संस्थान को बदनाम करने की साजिश हो सकती है।
गुरुवार को इस बारे में पुलिस में शिकायत करने के साथ ही अन्य आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बता दें कि आईआईटी में 10 नवंबर की शाम छह बजे होने वाली म्यूजिकल नाइट का बीएचयू के छात्रों ने विरोध पर रद्द किए जाने के बाद से ही आईआईटी और बीएचयू छात्रों के बीच माहौल तल्ख बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी एक-दूसरे के खिलाफ खूब टिप्पणियां हो रही हैं।