वाराणसी। कोरोना काल से ही बंद आईआईटी बीएचयू के हॉस्टल में एक बार फिर से चहल-पहल दिखने लगी है। फिलहाल शोध छात्रों के लिए ही हॉस्टल खोला गया है। खास बात यह है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के उद्देश्य से हॉस्टल में आने वाले शोध छात्रों को 14 दिन के लिए क्वारंटीन रहने को कहा गया है। इसके बाद ही छात्र हॉस्टल से बाहर निकल सकेंगे।
आईआईटी बीएचयू के विभागों में शोध करने वाले अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए हॉस्टल खोले जाने के फैसले के बाद धीरे-धीरे छात्र आने लगे हैं। यहां आने के बाद किसी को कोई परेशानी न हो इसलिए आईआईटी प्रशासन के निर्देश पर नियमानुसार छात्रों ने क्वारंटीन में रहना शुरू कर दिया है।
इस बारे में आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. पीके जैन ने बताया कि केवल शोध करने वाले अंतिम वर्ष, चौथे व पांचवें वर्ष वाले छात्रों के लिए हॉस्टल खोला गया है। कोविड गाइड लाइन का पालन कराने के साथ ही छात्र छात्राओं की सेहत पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से सभी को 14 दिन के लिए क्वारंटीन रहने को कहा गया है। इस दौरान छात्र अपने हॉस्टल में ही रहेंगे।
बीएचयू में हॉस्टल के लिए करना होगा इंतजार
बीएचयू में हॉस्टल आवंटन की प्रक्रिया शुरू होने का कोई फैसला अभी नही हुआ है, ऐसे में इसको खोले जाने को लेकर अभी छात्रों को इंतजार करना पड़ सकता है। शिक्षा मंत्रालय के निर्देश पर काउंसिलिंग की प्रक्रिया तो चल रही है, लेकिन ऑनलाइन क्लास चलने की वजह से हॉस्टल कब से खुलेगा, इस बारे में कोई फैसला नहीं हो पाया है। पहले काउंसिलिंग के तुरंत बाद ही हॉस्टल आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाती थी।