संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्रावास में अगर कोई अवैध रूप से रहता हुआ मिला तो उस पर परिसर में प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। वहीं, कक्षाओं में जिन छात्रों की 75 फीसदी उपस्थिति नहीं होगी, उनको भी परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बुधवार को नवीन छात्रावास के निरीक्षण के दौरान ये निर्देश दिए।
उन्होंने छात्रावास में चल रहे नवीनीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया। कहा कि स्वच्छता के साथ साथ कमरों की खिड़कियों पर जाली भी लगाई जा रही है। उन्होंने कक्षाओं का भी निरीक्षण किया जिसमें छात्रों की संख्या कम थी। इस पर कुलपति ने कहा कि कक्षा में अगर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति 75 फीसदी से कम हुई तो परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कुलपति के निर्देश पर कुलसचिव राकेश कुमार ने सभी संकायाध्यक्षों व विभागाध्यक्षों को पत्र जारी किया। पत्र में कहा कि समय सारणी के अनुसार कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए। छात्रों की उपस्थिति नियमित ली जाए। कक्षाओं में छात्रों की सहभागिता अधिक से अधिक हो इसके लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएं।