प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रशासन द्वारा खिड़किया घाट और विश्वसुुंदरी पुल के पास बनवाए गए दो गंगा सरोवर सोमवार को तैयार हो गए। दोनों सरोवरों में गंगाजल भर दिया गया। कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण, आईजी एसके भगत, एसएसपी आकाश कुलहरि और एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय ने शाम को दोनों सरोवरों का निरीक्षण किया।
कमिश्नर और आईजी ने निरीक्षण के दौरान बालू की बोरियों से सीढ़ी बनाने का निर्देश दिया। यह काम भी रात तक पूरा हो गया। मंगलवार से दोनों सरोवरों में मूर्ति विसर्जन होगा। एडीएम सिटी ने बताया कि सभी प्रमुख दुर्गा पूजा समितियों ने विसर्जन करने का समय उन्हें बता दिया है। इन गंगा सरोवरों के अलावा गणेशपुुर तालाब शिवपुर, पहड़िया, कंपनी बाग, ईश्वरगंगी, मछोदरी तालाब, लक्ष्मीकुंड, शंकुलधारा, भिखारीपुर समेत आठ कुंडों में भी विसर्जन होना है। सरोवर और तालाबों पर दो-दो मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। दो-दो नाव, मल्लाह, एनडीआरएफ के जवान भी मौजूद रहेंगे।
चौबेपुर क्षेत्र के सोनबरसा, छित्तमपुर, जाल्हूपुर और नरायनपुर आदि गांवों के सरोवरों में मूर्तियां विसर्जित की जाएंगी। चोलापुर और चिरईगांव के विकास खंड अधिकारी सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि चौबेपुर के आसपास के गांवों की मूर्तियां सोनबरसा और मुनारी गांव के तालाबों में विसर्जित होंगी। वहीं, अजांव की तरफ से आने वाली मूर्तियों को छित्तमपुर, उमरहां की ओर से आने वाली मूर्तियों को नरायनपुर और जाल्हूपुर के आसपास के गांवों की मूर्तियों को जाल्हूपुर में विसर्जित कराया जाएगा।