संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। बरेका पश्चिमी गेट के सामने नाथूपुर में वी-मार्ट जनरल स्टोर पर दो महीने पुराना समाप्ति तिथि वाला सत्तू मिलने का मामला सामने आया है। ग्राहकों ने सत्तू के पैकेट में कीड़े और घुन मिलने का आरोप लगाया है। भाजपा के एक नेता ने स्टोर से यह सत्तू खरीदा था। घर जाकर पैकेट खोलने पर उसमें से बदबू आई और अंदर कीड़े रेंगते दिखे। घटना के बाद आसपास के लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि समाप्ति तिथि वाला सामान बेचना लोगों की सेहत से खिलवाड़ है। सत्तू जैसे खाद्य पदार्थ में कीड़े मिलना बेहद गंभीर मामला है। इससे पेट की बीमारी और खाद्य विषाक्तता का खतरा बढ़ जाता है। मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने दुकानदार से विरोध जताया। उन्होंने संबंधित विभाग से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, समाप्ति तिथि वाले सामान को जब्त करने की भी मांग की गई है। उन्होंने दोषी पर जुर्माना लगाने की अपील की है।
शिकायत मिलने पर सत्तू की जांच की गई। जिसमें एक्सपायर पाए जाने पर पूरा माल नष्ट कराया गया है। साथ ही दुकानदार को नोटिस भी जारी किया गया है। इसके अलावा उक्त दुकान से बेसन के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजा गया है। - सच्चिदानंद राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी