पीएम मोदी के प्रयास के बाद तीन तलाक के खिलाफ कानून बनने के बावजूद उनके ही संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कागज के टुकड़े पर तीन बार लिख तलाक दिए जाने का मामला सामने आया है।
यहां पर दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को उसके शौहर ने कागज के टुकड़े पर तलाक... तलाक... तलाक... लिखकर दे दिया। प्रकरण को लेकर विवाहिता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है और दोषी शौहर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जैतपुरा थाना अंतर्गत काजी सादुल्लाहपुरा की विवाहिता के अनुसार, उसका निकाह फरवरी 2017 में हुआ था। निकाह के दौरान पिता ने हैसियत के अनुसार पर्याप्त सामान और नकदी दी थी। ससुराल पहुंचते ही पति, सास-ससुर, देवर और ननद मायके से पांच लाख रुपये मंगवाने का दबाव बनाने लगे।
ससुराल में सभी कहते थे कि वो मायके से घटिया क्वालिटी के सामान लेकर आई है। विवाहिता ने एक दो बार दबाव में आकर मायके से पैसा मंगा कर शौहर को दिया तो उसकी मांग बढ़ती चली गई। इसके बाद प्रताड़नाओं का सिलसिला भी बढ़ता चला गया और 22 सितंबर को उसे कमरे में बंद कर ससुराल वालों ने खाना देना बंद कर दिया।