शराब के कारण रविवार को एक घर बर्बाद होते होते बचा। एक शराबी पति को शराब के पैसै ने मिलने से वह हैवान बन गया। उसने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों को गंगा नदी में धक्का देकर मारने की कोशिश की। पत्नी और बच्चों की किस्मत अच्छी थी कि रेलिंग की वजह से नीचे नहीं गिरी।
पत्नी के शोर मचाने पर आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के मायके वालों को बुलाकर बच्चों और महिला को उनके हवाले कर दिया जबकि पति को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
मामला यूपी के चंदौली जिले बलुआ थाना क्षेत्र का है। आरोपी पति मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। इधर कुछ दिनों पहले ही गांव आया था। थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी संतोष बारी (29) का विवाह वर्ष 2014 में आजगमढ़ निवासी नीतू देवी (26) के साथ हुआ था।
दोनों के दो बच्चे क्रमश: श्रेया (03) और कृष्णा (डेढ़ वर्ष) हैं। रविवार दोपहर संतोष शराब के नशे में घर पहुंचा। उसने पत्नी से और शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पत्नी ने शराब के लिए पैसे देने से मना कर दिया तो वह मारपीट पर उतारू हो गया।