वाराणसी के पिंडरा तहसील क्षेत्र के गजोखर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में बने क्वारंटीन सेंटर में घर जाने की जिद पर रविवार को मजदूरों ने भूख हड़ताल कर दिया। सूचना पर एसडीएम और फूलपुर थाना प्रभारी सनवर अली पहुंचे और लोगों को दो दिन के अंदर भेजने का आश्वासन देकर शांत कराया। 31 मार्च से गजोखर स्थित क्वारंटीन सेंटर में 255 लोग हैं।
सूरत में काम करने वाले छह लोग फुलपुर थाना क्षेत्र पहुंचे, जिन्हें जांच के बाद एक स्कूल में क्वारंटीन कर दिया गया। ये किसी तरह रविवार को दोपहर में जिले के बॉर्डर पर पहुंचे। ग्राम प्रधान सुधीर सिंह ने पीएचसी पिंडरा पर ले जाकर जांच कराई। इसके बाद चिकित्सक की सलाह पर उन्हें गांव के ही स्कूल में 14 दिनों के लिए क्वारंटीन कर दिया गया।
उधर, कपसेठी थाना के पूरे नंदा गांव निवासी लखनऊ में नौकरी करता था। वह शुक्रवार को गांव आया किंतु परिवार के लोगों ने घर में नहीं घुसने दिया। इनका सेवापुरी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के बाद क्वारंटीन केंद्र में रखा गया है। इसी गांव के दो मुंबई से शनिवार की दोपहर में कार से आए किंतु गांव के लोगों को घर में घुसने से मना कर दिया। पूर्व ग्राम प्रधान सुबेेदार यादव ने जांच कराने के बाद विद्यालय में बने क्वारंटीन कर दिया।