Chandauli News: भारत माला परियोजना के प्लांट परिसर में हाईवा चालक की मौत के मामले में मानवाधिकार आयोग ने चंदौली के डीएम को तलब किया। आयोग ने आयुक्त वाराणसी मंडल को आदेश के पालन के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजने को कहा।
राज्य मानवाधिकार आयोग ने चंदौली के डीएम चंद्र मोहन गर्ग को 23 अप्रैल को तलब किया है। शहाबगंज थाने के विशुनपुरा गांव में भारत माला परियोजना के प्लांट परिसर में 7 जनवरी को संदिग्ध हालात में हाईवा चालक अशोक कुमार पांडेय की मौत के मामले में रिपोर्ट नहीं देने पर आयोग ने आदेश दिया है।
विज्ञापन
आयोग ने आयुक्त वाराणसी मंडल को निर्देशित किया है कि इस आदेश के पालन के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजें। 35 साल के अशोक घूरघाट, सीवान बिहार का रहने वाला था। उसकी फंदे से लटकती हुई लाश मिली थी।
अधिवक्ता खालिद वकार आबिद ने 12 जनवरी को राज्य मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा था कि कार्यस्थल परिसर में अशोक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत कई गंभीर प्रश्न खड़े करती है। इसकी निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच जरूरी है। अशोक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने, परियोजना प्रबंधन, ठेकेदार और अधिकारियों की भूमिका की जांच कराए जाने की भी मांग की है।
विज्ञापन
आयोग ने शिकायतकर्ता को जांच प्रक्रिया में शामिल कर रिपोर्ट पांच मार्च तक पेश करने का निर्देश दिया है। नोटिस भेजने के बाद भी जांच रिपोर्ट आयोग में पेश नहीं की गई। इस पर आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिया है कि 23 अप्रैल को डीएम चंदौली व्यक्तिगत रूप से आयोग के सामने उपस्थित होकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।